नारायणपुर : बिहपुर इलाके में बुधवार की रात चोरों ने मड़वा स्थित बाबा ब्रजलेश्वर मंदिर, अमरपुर के बजरंगबली और काली मंदिर की दानपेटी तोड़कर लाखों रुपए उड़ा लिए। एक ही रात तीन मंदिरों में चोरी की घटना से पुलिस महकमे में हड़कंप है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!सूचना मिलते ही झंडापुर और बिहपुर पुलिस मंदिर पहुंची तथा घटना की जांच की। मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरे में घटना कैद हो गई है। फुटेज में चोर दानपेटी तोड़ते दिख रहे हैं। मंदिर कमेटी के पदाधिकारियों ने अज्ञात के खिलाफ पुलिस को आवेदन दिया है। बिहपुर और झंडापुर थानाध्यक्ष ने कहा, सीसीटीवी फुटेज व अन्य बिंदु पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
बता दें कि बिहपुर और नारायणपुर इलाके में माह में दर्जनभर से अधिक चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं। चोर दुकानों, घरों के अलावा मंदिरों को भी निशाना बना रहे हैं। बीते दिनों बिहपुर में टोटो शोरूम से चोरों ने 30 बैट्री सहित अन्य सामान चुरा लिए थे।

पिछले माह भवानीपुर थाना के भ्रमरपुर दुर्गा मंदिर में दो बार चोरी हो चुकी है। इसके अलावा बीरबन्ना काली मंदिर, मधुरापुर बाजार स्थित काली मंदिर, सरस्वती मंदिर, राधा-कृष्ण मंदिर में चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं। लेकिन पुलिस अब तक किसी भी मामले का खुलासा नहीं कर सकी है।
