रंगरा/भवानीपुर। रंगरा प्रखंड के भवानीपुर स्थित उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय में बुधवार को भारतीय सेना की अग्निवीर ट्रेनिंग पूरी कर लौटे दो युवकों—युवराज कुमार और सुजीत कुमार—का गर्मजोशी से स्वागत किया गया। समारोह में ग्रामीणों, छात्रों और शिक्षकों ने देशभक्ति के नारों के साथ दोनों का अभिनंदन किया।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!युवराज (पिता सीताराम यादव) और सुजीत (पिता विलास यादव) अपनी सैन्य वर्दी में स्कूल पहुंचे, जहां ‘भारत माता की जय’ के गूंजते नारों ने माहौल को देशभक्ति से भर दिया। विद्यालय प्रबंधन समिति ने हाई स्कूल परिसर में दोपहर के समय सम्मान समारोह आयोजित किया।
समारोह में मुख्य अतिथि मुखिया मुकेश शर्मा, सरपंच विरेंद्र रजक, शिक्षक विश्वास झा, शिक्षक विपुल कुमार और प्रधानाध्यापक हरिश्चंद्र रजक ने दोनों अग्निवीरों को माला पहनाकर सम्मानित किया। उन्हें बुके और अंगवस्त्र भेंट किए गए, जबकि विद्यालय की ओर से शिक्षक गौरव कुमार के नेतृत्व में मोमेंटो भी प्रदान किया गया।

अग्निवीर युवराज और सुजीत ने कहा कि वे देश की सुरक्षा और सम्मान के लिए हर वक्त तैयार हैं। उन्होंने अपने कर्तव्य और प्रतिबद्धता को दोहराया। शिक्षकों ने कहा कि इन युवाओं ने गांव और क्षेत्र का गौरव बढ़ाया है।
कार्यक्रम का संचालन शिक्षक गौरव कुमार ने किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, शिक्षक और ग्रामीण उपस्थित रहे और दोनों अग्निवीरों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
