नवगछिया : अति-संवेदनशील इलाकों में पुलिस की विशेष गश्त, रेंज आईजी ने दिए निर्देश

सूचना/खबरे

नवगछिया। विधानसभा चुनाव के दौरान रेंज के नवगछिया क्षेत्र की दोनों विधानसभा सीटों के अति-संवेदनशील इलाकों में पुलिस विशेष गश्त करेगी। रेंज आईजी विवेक कुमार ने रेंज के तीनों जिलों के पुलिस अधीक्षकों को निर्देश दिया है कि स्थानीय थाना पुलिस के साथ अर्धसैनिक बलों की संयुक्त टीमें नियमित गश्त सुनिश्चित करें। यह गश्त चुनाव परिणाम आने तक जारी रहेगी।

Whatsapp group Join

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

नवगछिया रेंज में गोपालपुर और बिहपुर दो विधानसभा क्षेत्र हैं। इनमें सर्वाधिक अति-संवेदनशील क्षेत्र गोपालपुर विधानसभा में चिन्हित किए गए हैं। ये वे इलाके हैं जहां जातीय तनाव, समुदायों के बीच विवाद और चुनावी या धार्मिक आयोजनों के दौरान तनाव बढ़ने की संभावना रहती है।

आईजी ने बताया कि रेंज के तीनों जिलों को पर्याप्त संख्या में अर्धसैनिक बल उपलब्ध करा दिए गए हैं। कुछ जवानों को संबंधित थानों से अटैच भी किया गया है, ताकि फरार अपराधियों और वारंटियों की गिरफ्तारी, कुर्की-जब्ती की कार्रवाई, वाहनों की जांच और विधि-व्यवस्था बनाए रखने में उनका उपयोग किया जा सके।

चुनाव प्रचार के दौरान प्रत्याशियों और समर्थकों के बीच विवाद, मारपीट या हिंसा की संभावनाओं को देखते हुए यह व्यवस्था की गई है। अति-संवेदनशील क्षेत्रों के थानेदारों को निर्देश दिया गया है कि वे क्षेत्र में होने वाली हर छोटी-बड़ी गतिविधि की जानकारी सक्षम अधिकारियों को लगातार देते रहें।