विक्रमशिला पुल पर सोमवार की देर रात ट्रक चालक के अपहरण के आरोप में नवगछिया के बिनोद यादव के बेटे अभिषेक रमण उर्फ टीएन यादव सहित पांच लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से दो नाली बंदूक, राइफल, रिवॉल्वर और कारतूस बरामद किया गया है। तीनों ही हथियार लाइसेंसी हैं। सभी को जेल भेज दिया गया है। एसएसपी आशीष भारती ने मंगलवार को इसकी जानकारी दी। हाल के दिनों में वसूली की घटनाएं सामने आने और जाम का हाल जानने एसएसपी आशीष भारती खुद सोमवार की देर रात विक्रमशिला पुल पर पहुंचे थे। उन्होंने बताया कि एक ट्रक के खलासी ने रोते हुए बताया कि उसके ट्रक (बीआर 06जीबी 3171) के चालक को कुछ लोग अपनी गाड़ी में बिठाकर नवगछिया की तरफ ले गये हैं। पुल पर चार पहिये को आगे ले जाने में समस्या को देखते हुए टीओपी पुलिस के पदाधिकारी और जवानों को बाइक से भेजा गया।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!उन्होंने चारपहिया गाड़ी में पांच लोगों को देखा, जिनके बीच चालक बैठा था। गाड़ी को रोककर उन्हें नीचे उतारा गया। पांचों लोगों को गिरफ्तार कर चालक को सकुशल बरामद कर लिया गया।गाड़ी में ठोकर लगी तो जबरन बिठाकर जाने लगे बरामदगी के बाद ट्रक चालक रामबाबू यादव ने बताया कि वह ट्रक में मिर्जाचौकी से गिट्टी लादकर मोतिहारी जा रहा था। पुल के पहुंच पथ पर उसके ट्रक से गाड़ी में ठोकर लग गयी, जिसके बाद सभी पांच लोग बाहर निकल आये और उसे अपने साथ जबरन गाड़ी में बिठाकर नवगछिया ले जाने लगे। चालक का कहना है कि उसने अपनी गलती मानी पर वे लोग उसे पीटते रहे।

एमबीबीएस की पढ़ाई करने वाला बिनोद यादव का भतीजा भी गिरफ्तार गिरफ्तार किये गये लोगों में बिनोद यादव के बेटे अभिषेक के अलावा बिनोद के भाई प्रमोद यादव का बेटा मोनू, नवगछिया रसलपुर के रहने वाले गाड़ी का चालक विपिन कुमार यादव, बिनोद यादव की पत्नी वार्ड पार्षद सुनीता देवी के बॉडीगार्ड बक्सर धानसोई के रहने वाले योगेंद्र सिंह और झारखंड बोकारो के रहने वाले संतोष चौबे शामिल हैं। पुलिस ने इनके पास से दो नाली बंदूक और आठ कारतूस, एनपी बोर राइफल 29 कारतूस, लोडेड रिवॉल्वर, चारपहिया वाहन और एक काले रंग की बुलेट बाइक बरामद की है।
लाइसेंस रद्द करने के लिए लिखेंगेएसएसपी आशीष भारती ने बताया कि इस घटना में बरामद किये गये तीनों लाइसेंसी हथियारों का लाइसेंस रद्द करने के लिए वे डीएम को लिखेंगे। उन्होंने कहा कि वैध हथियार का अवैध इस्तेमाल किया जा रहा था। यह भी कहा कि एक हथियार ऐसा भी था जो लाइसेंसधारी की जगह किसी और के पास था। बरारी थाना में पदस्थापित एसआई बासुकीनाथ यादव के बयान पर केस दर्ज किया गया है। दादी का शव ले जा रहे छात्र ऐसा कर सकता है क्या मंगलवार को एसएसपी कार्यालय पहुंची बिनोद यादव की पत्नी और रसलपुर वार्ड नंबर चार की पार्षद सुनिता देवी ने कहा कि सोमवार को मायागंज स्थित अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी सास की मौत हो गई थी।

उनके शव को एम्बुलेंस में वे नवगछिया लेकर जा रहे थे। सुनिता देवी का कहना है कि वह एम्बुलेंस में बैठी थी, जबकि उनके बेटे और अन्य लोग चार पहिया वाहन से चल रहे थे। ट्रक से ठोकर लगने के बाद चालक को हर्जाना देने के लिए कहा जा रहा था। उनका कहना है कि पुलिस द्वारा गाड़ी रोके जाने पर गाड़ी से उनके दो बॉडीगार्ड लाइसेंसी हथियार लेकर उतरे थे। एक और हथियार उस गाड़ी में था जिसका लाइसेंस उनके नाम से है। उन्होंने बताया कि उनके पति के भाई प्रमोद यादव का बेटा मोनू कोलकाता में एमबीबीएस फाइनल इयर का छात्र है।
उन्होंने यह भी बताया कि गिरफ्तार किया गया उनका बेटा अभिषेक उर्फ टीएन नवगछिया नगर पंचायत का उपाध्यक्ष है। उनका कहना है कि दादी का शव लेकर घर जा रहे बच्चे किसी का अपहरण कैसे कर सकते हैं। चमका रहे थे हथियारट्रक चालक के अपहरण की सूचना पर पुलिस ने जब चार पहिया वाहन को रोका तो उससे उतरने वाले लोग हथियार चमकाने लगे। एसएसपी ने कहा कि पहले वे लोग पुलिस को सहयोग नहीं कर रहे थे। जब पुलिस ने उन्हें पकड़ने की कोशिश की तो वे लोग भागने लगे जिसके बाद पुलिस ने पीछा कर पकड़ लिया। उन्होंने किसी पुलिसवाले पर उन लोगों द्वारा हथियार तानने की बात से इंकार किया।
