कोसी खासकर सहरसा, मधेपुरा और सुपौल क्षेत्र के निवासियों के लिए गुड न्यूज! कोसी और बागमती नदी के संगम पर बने बीपी मंडल सेतु (डुमरी पुल) पर सोमवार की शाम से चार चक्का हल्के वाहनों का परिचालन शुरू कर दिया गया।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!इसका विधिवत उद्घाटन बेलदौर विधायक पन्ना लाल पटेल ने किया। इससे पहले बीते 25 सितम्बर को बाइक और पैदल यात्रियों के लिए पुल पर परिचालन शुरू हुआ था। मामले की पुष्टि करते हुए एसपी सिंगला कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर केके रंजन ने बताया कि पुल पर हल्के चार चक्के वाहनों का परिचालन शुरू कर दिया गया है। अभी छोटा-छोटा कुछ काम बचा हुआ है। दस दिनों में काम पूरा कर लिया जाएगा। इसके बाद भारी वाहनों का परिचालन शुरू होगा।

पुल पर परिचालन शुरू होने से कोसी और फरकिया क्षेत्र वासियों में खुशी की लहर दौड़ गई है। बता दें कि डुमरी पुल पर वाहनों का परिचालन लगभग आठ वर्ष के बाद शुरू हुआ है। 29 अगस्त 2010 को कोसी नदी के कटाव के कारण डुमरी पुल का पाया धंस जाने से भारी वाहनों का परिचालन बंद कर दिया गया था। कुछ माह बाद बाइक व पैदल यात्री छोड़कर सभी प्रकार के वाहनों के परिचालन पर रोक लगा दी गई थी। इसके बाद 50 करोड़ की लागत से डुमरी पुल के क्षतिग्रस्त भाग के जीर्णोद्धार का काम एसपी सिंगला कंपनी को मिला।

