सहरसा शहर को जल्दी तीन और बाइपास की सौगात मिलने वाली है। दरअसल सिमरी बख्तियारपुर बाजार और सोनवर्षा राज होकर गुजरने वाली एनएच 107 से सड़क पर आये दिन हो रही ट्रैफिक व्यवस्था को कम करने के लिए तीन बायपास सड़क का निर्माण कार्य किया जाएगा।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!अभी एनएच 107 सड़क से सिमरी बख्तियारपुर और सोनवर्षा राज से डूमरी पुल होते महेशहखुंट एनएच 31 आने जाने के लिए सहरसा मुख्य बाजार सहित सिमरी बख्तियारपुर बाजार और सोनवर्षा होकर गुजरना पड़ता है। इस सड़क पर जाम की समस्या बनी रहती है। लेकिन बायपास सड़क के बनने पर बाजार में लगने वाले जाम से जहां मुक्ति मिलेगी वही समय की भी बचत होगी। साथ ही बड़े वाहन भी बाजारों में लगे नो इंट्री से मुक्त होकर धड़ल्ले से आ जा सकेंगे। शहर से गुजर रही ट्रैफिक व्यवस्था को कम करने के लिए विभाग ने एनएच 107 को एक जगह से दूसरी जगह को जोड़ने के लिए तीन नये बायपास सड़क का निर्माण करेगी।

बायपास सड़क निर्माण एनएचएआई द्वारा किया जायेगा। इसके लिए एनएचएआई द्वारा कार्य योजना शुरू कर दिया गया है। न्यू बायपास सड़क के लिए जमीन अधिग्रहण का काम होते ही प्राक्कलन बनाकर कर सड़क निर्माण कार्य शुरू करवाया जाएगा।
एनएचएआई ने जगह-जगह लगाया बोर्ड
न्यू बायपास सड़क निर्माण के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग विकास प्राधिकार (एनएचएआई) विभाग द्वारा जगह-जगह बोर्ड लगाया गया है। जानकारी अनुसार एनएच 107 पटूआहा से सीधे पड़री तक 11 किमी बायपास सड़क का निर्माण होगा। वही एनएच 107 भौरा से सिमरी बख्तियारपुर के पहाड़पुर तक साढ़े 3 किलोमीटर तथा इसी एनएच में मुरली से सोनवर्षा राज के मनौरी चौक 2.7 किलोमीटर सड़क का निर्माण किया जायेगा।
40 फीट चौड़ी बनेगी बायपास सड़क
न्यू बायपास सड़क 40 फीट चौड़ी होगी। जानकारी अनुसार 7 मीटर चौड़ाई में पीचिंग तथा सड़क के दोनों साईड डेढ़ – डेढ़ मीटर फ्लैंक होगा। सड़क में जरूरत के मुताबिक छोटे पुल भी बनाये जाएंगे। साथ ही जमीन के गड्ढे के अनुसार सड़क का ऊंचीकरण किया जाएगा। बायपास सड़क के चौड़ी होने और घनी आबादी से दूर होने से वाहन चालकों को तेज रफ्तार में वाहन चलाने में किसी तरह की असुविधा नहीं होगी।
एनएच 107 में ही मधेपुरा चकला गणेश स्थान से राजपुर तक भी बनेगी बायपास सड़क
मधेपुरा से मुरलीगंज जाने आने वाले को बाजार से नहीं गुजरना पड़े इसके लिए भी विभाग ने एनएच 107 के मधेपुरा जिले के चकला गणेश स्थान से राजपुर तक न्यू बायपास सड़क का निर्माण करेगी।
इस सड़क के बनने के बाद सहरसा से मुरलीगंज जाने वाले वाहन चालकों मधेपुरा स्टेशन रोड भीरखी चौक और बस स्टैंड के बगल होकर नहीं जाना पड़ेगा। गणेश स्थान से बायपास सड़क होकर मधेपुरा मुरलीगंज सड़क में राजपुर होकर सीधे आ जा सकेंगे।
पथ निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता मुकेश कुमार ने बताया कि एनएचएआई द्वारा तीन न्यू बायपास सड़क का निर्माण किया जायेगा। भूमि अधिग्रहण का काम किया जा रहा है। इससे लोगों को आवागमन में काफी सुविधा मिलेगी।
