सहरसा-गढ़ बरुआरी के बीच ट्रेन परिचालन शुरू होने में अभी पांच माह का और इंतजार करना पड़ेगा। रेल निर्माण विभाग के मुख्य प्रशासनिक अधिकारी(सीएओ) अशोक कुमार कंसल ने शनिवार को कहा कि सहरसा-गढ़ बरुआरी (साढ़े 16 किमी) आमान परिवर्तन कार्य जनवरी 2019 में पूरा हो जाएगा।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!इस रेलखंड पर केबल नहीं मिलने की समस्या दूर कर ली गई है। कोलकाता से पर्याप्त मात्रा में केबल पहुंच गया है। सहरसा में गड्ढे की खुदाई का काम शुरू हो गया है। सिग्नल विभाग के सीनियर सेक्शन इंजीनियर नारायण शर्मा ने कहा कि करीब 300 किलोमीटर में केबल का काम किया जाएगा। इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग का काम किया जाएगा।

सहरसा-गढ़ बरुआरी के बीच 25 दिसंबर 2016 को मेगा ब्लॉक लेते आमान परिवर्तन कार्य शुरू किया गया था। लेकिन विभिन्न कारणों से यह तय समय पर पूरा नहीं हुआ। इसकी तिथि बढ़ाई जाती रही। वहीं दिसंबर 2019 में कोसी रेल महासेतु के रास्ते कोसी क्षेत्र मिथिलांचल से जुड़ेगा।

रेल मंत्री के निर्देश के बाद रेल निर्माण विभाग का सहरसा-सुपौल-सरायगढ़-सकरी-निर्मली-लौकहा आमान परिवर्तन कार्य को पूरा करने पर फोकस है। बता दें कि सहरसा-फारबिसगंज-निर्मली-लौकहा(202 किमी) आमान परिवर्तन कार्य की रिवाइज एस्टिमेट राशि 1400 करोड़ है।
