परबत्ता पुलिस ने राम जानकी ठाकुरबाड़ी बिशौनी के महंथ हरि दास को एक कट्टा(देसी पिस्तौल)और 12 कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। हालांकि महंत की गिरफ्तारी के बाद पुलिस कई अन्य संदिग्ध ठिकानों पर भी छापेमारी कर रही है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि महंत ठाकुरबाड़ी में अवैध हथियार रखता है। सूचना मिलते ही परबत्ता पुलिस हरकत में आयी और शनिवार की देर रात रामजानकी ठाकुरबाड़ी की घेराबन्दी कर दी। इसके बाद महंत को अपने कब्जे में लेकर तलाशी शुरू की। तलाशी के दौरान पुलिस ने उसके पास से एक देसी कट्टा और एक दर्जन कारतूस बरामद किया। पुलिस इंस्पेक्टर सह थानाध्यक्ष ने बताया कि पुलिस महंत से पूछताछ कर रही है। पुलिस को और भी कई मामले के खुलासे की उम्मीद है।

मूर्ति चोरी मामले में पूछताछ के दौरान हुआ था फरार
बता दें कि वर्ष 2015 में रामजानकी ठाकुरबाड़ी से अष्टधातु की कई बेशकीमती मूर्तियां की चोरी हुई थी। बताया गया कि पूछताछ के क्रम में महंत तत्कालीन थानाध्यक्ष सहित अन्य पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया था। कई माह तक वह ठाकुरबाड़ी से फरार रहा था। कोर्ट से जमानत मिलने के बाद पुन: बिशौनी लौटा था। इसकी पुष्टि परबत्ता थानाध्यक्ष ने भी की है।
इस संबंध में गोगरी के एसडीपीओ पीके झा ने बताया कि देसी कट्टा व 12 कारतूस के साथ परबत्ता विशौनी रामजानकी ठाकुरबाड़ी के महंत की गिरफ्तारी हुई है। उससे पूछताछ की जा रही है। महंत हरि दास के आपराधिक इतिहास को खंगाला जा रहा है।
