खगड़िया. 4 फरवरी 2019 को अलौली थाना क्षेत्र के शुंभा गाजीघाट गांव में जमीन विवाद में 8वीं कक्षा के छात्र अमित कुमार की घर में घुसकर गोली मारकर हत्या किए जाने के विरोध में मंगलवार को पूरा दिन गांव जलता रहा। आक्रोशित लोगों ने पहले तो खगड़िया-बखरी पथ को जाम कर दिया। बाद में घटना के आरोपी साहेब चौधरी के घर को आग के हवाले कर दिया।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!मौके पर पहुंची पुलिस ने हालात को काबू में करने की कोशिश की लेकिन आक्रोशित लोगों का गुस्सा और बढ़ गया। लोगों ने पुलिस पर पथराव कर दिया। पुलिस को हालात काबू में करने के लिए बल प्रयोग करना पड़ा। घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार लंबे समय से चले आ रहे भूमि विवाद में सोमवार की शाम दो परिवार के बीच विवाद में एक परिवार के आठवी कक्षा के छात्र अमित कुमार की घर में घुस कर अपराधियों ने सीने में गोली मार दी। उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक के पिता नंदकिशोर पोद्दार ने बताया कि घर के ठीक बगल में घर बनाने को लेकर बहुत पहले विवाद हुआ था। तब से विवाद चलता आ रहा है। सोमवार को भी पड़ोसी साहेब चौधरी से विवाद होने के बाद साहेब चौधरी पिता उमेश चौधरी अन्य कई लोगों के साथ आंगन में घुसकर गोली चला दी।

2 धूर जमीन का है विवाद
मृतक के पिता नंदकिशोर ने बताया कि साहेब चौधरी और उनका घर बिल्कुल आसपस है। उन्होंने तीन-चार वर्ष पहले पक्का का मकान बनाया है। साहेब चौधरी पक्ष का कहना है कि नंदकिशोर ने उनलोगों की जमीन का दबा कर अपना मकान खड़ा कर लिया है। नंदकिशोर ने बताया कि आज भी जिस दीवार पर चदरा डाल कर साहेब चौधरी ने अपना घर बना रखा है वह उनलोगों का है। उन्होंने बताया कि पूरा विवाद महज दो धूर जमीन का है। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से तनाव का माहौल बना हुआ था। साहेब ने सोमवार को उनके घर में दाखिल होकर उनके पुत्र की हत्या कर दी।
आक्रोशित लोगों ने आरोपी साहेब के घर को किया आग के हवाले
आक्रोशित लोगों ने मंगलवार को सड़क जाम करने के साथ ही आरोपी साहेब चौधरी के घर पर धावा बोल दिया। इसके बाद उनके घर के सारे सामान, बाइक, दुकान आदि समेत अन्य चीजों को घर से बाहर निकालते हुए आग के हवाले कर दिया। बताया जाता है कि जिस समय आक्रोशित लोगों द्वारा इस तरह की घटना की जा रही थी तब कोई भी पुलिस अधिकारी वहां मौजूद नहीं थे।
दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे एएसपी अभियान, लोगों ने किया पथराव
घटना की सूचना मिलते ही एसडीओ मनेश कुमार मीना, एएसपी अभियान राज कुमार राज, एसडीपीओ आलोक रंजन, अलौली सीओ राजीव कुमार श्रीवास्तव , थानाध्यक्ष राजीव लाल, बहादुरपुर पिकेट प्रभारी मुकेश कुमार, गंगौर थानाध्यक्ष रंजन कुमार दल-बल के साथ हालात पर काबू पाने के लिए पहुंचे। लेकिन आक्रोशित लोगों ने उनलोगों पर ही पथराव करना शुरू कर दिया। इस पथराव में एक महिला सिपाही मामूली रूप से जख्मी हो गए। हालांकि पुलिस ने हल्के बल प्रयोग से हालात पर काबू पा लिया।
परिजनों ने दाह संस्कार से किया मना
पूरा माहौल शांत होने के बाद पुलिस ने परिजनों से मुलाकात कर शांति व्यवस्था कायम रखने व एफआईआर दर्ज कराने की बात जैसे ही कही, पीड़ित परिजनों ने पुलिस पर ही भड़ास निकालना शुरू कर दिया। मृतक के भाई ने कहा कि दो माह पूर्व भी उनलोगों की मां के साथ साहेब चौधरी के परिवारजनों ने दुर्व्यवहार किया था। इस मामले में भी उनलोगों की तरफ से एफआईआर दर्ज कराया गया था। लेकिन आज तक पुलिस की ओर से उस मामले में कोई कार्रवाई नहीं की गई। समाचार लिखे जाने तक इस मामले में पीड़ित पक्ष की ओर से एफआईआर दर्ज नहीं कराया गया था। पुलिस अधिकारियों का पीड़ित परिजनों से वार्ता जारी था।
