नवगछिया : कोसी और गंगा के रौद्र रूप धारण कर लेने के कारण नवगछिया अनुमंडल और सबौर प्रखंड के 37 मध्य व प्राथमिक स्कूलों में ताला लटक गया है। नतीजतन लगभग आठ हजार बच्चों की पढ़ाई बाधित हो गई है।

जिला शिक्षा पदाधिकारी चंद्र मोहन मिश्र ने बताया कि प्रभावित स्कूलों की सूचना डीएम सहित जिले के आपदा प्रबंधन के वरीय उप समाहर्ता अमलेंदु कुमार सिंह एवं क्षेत्रीय शिक्षा उप निदेशक कृष्ण कुमार शर्मा को दे दी गई है। उन्होंने कहा कि 33 स्कूलों में मिड डे मील भी बंद हो गया है। नवगछिया के प्राथमिक विद्यालय बेलसंडी एवं प्राथमिक विद्यालय बोरबा मुसहरी के आसपास अभी बाढ़ का पानी फैला हुआ है। हालांकि अभी यहां शिक्षण कार्य एवं मिड डे मील चालू है।

इस्माइलपुर के 19 स्कूलों में नहीं होती है गर्मी की छुट्टी

Whatsapp group Join

नवगछिया अनुमंडल के नारायणपुर प्रखंड अंतर्गत 19 स्कूलों में गर्मी की छुट्टी नहीं होती है। प्रतिवर्ष बाढ़ के कारण इन स्कूलों में शैक्षणिक कार्य हर वर्ष प्रभावित हो जाता है। नतीजतन बच्चों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए यहां गर्मी की छुट्टी की बजाय बाढ़ का अवकाश 20 दिनों के लिए घोषित कर दिया जाता है। बहरहाल, इस प्रखंड के सभी स्कूलों में बाढ़ को लेकर अवकाश है।

प्रखंड —प्रभावित स्कूलों की संख्या

1. नारायणपुर : 11

2. बिहपुर : 04

3. खरीक : 07

4. गोपालपुर : 02

5. रंगरा चौक : 07

6. नवगछिया : 03

7. सबौर : 03