नवगछिया फर्जी तरीके से पुलिस कर्मी बनकर वाहन लूटने वाले गिरोह का उद्भेदन कर तीन बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। 18 मार्च को भवानीपुर ओपी क्षेत्र के नारायणपुर चकरामी निवासी ग्रामीण चिकित्सक अमित कुमार मंडल के दरवाजे पर पुलिसकर्मी बनकर आए बदमाश उनकी कार लेकर भाग गए थे। शनिवार को नवगछिया एसपी सुशांत कुमार सरोज ने अपने कार्यालय पर प्रेस वार्ता की।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!एसपी सुशांत कुमार सरोज ने बताया कि लूट में शामिल सभी अंतरजिला गिरोह के सदस्य हैं। 18 मार्च को ग्रामीण चिकित्सक के घर खुद को पटना पुलिस सीआईडी उड़नदस्ता बताकर पहुंचे थे। वाहन मालिक को गाड़ी अपहरण में प्रयुक्त और फर्जी वाहन बताया था। इसके बाद उनकी कार लेकर भाग गए थे। इसके बाद अमित कुमार मंडल के आवेदन पर भवानीपुर थाना कांड संख्या- 156/23, दर्ज किया गया।
अनुसंधान के क्रम में कांड के अप्राथमिकी अभियुक्त सीवान जिला के बड़हरिया थाना क्षेत्र के नवलपुर के कुंजबिहारी यादव, पटना के अथमलगोला थाना क्षेत्र के कामिसदाहि निवासी मृत्युंजय कुमार, सीवान जिला के भैरवा निवासी भरत कुमार उर्फ भरत पासी को घटना में प्रयुक्त कार और अमित कुमार मंडल की कार, तीन वॉकी-टॉकी, 6 मोबाइल आदि के साथ गिरफ्तार किया गया। पूर्व में पूर्व में मो. साइन को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।

कई मामले दर्ज हैं गिरफ्तार अपराधियों पर: एसपी ने बताया कि गिरफ्तार अपराधी भरत कुमार उर्फ भरत पासी पर मौजागढ़ जिला गोपालगंज थाना, तरैया सारण थाना, सारण नयागांव थाना, भगवानपुर हाट थाना आदि थानों में लूट, छिनतई व आर्म्स एक्ट समेत कुल 7 आपराधिक मामले पूर्व से दर्ज हैं। वहीं अपराधी मृत्युंजय कुमार पर पटना व दीघा थाने में दो आपराधिक मामले दर्ज हैं। कुंजबिहारी पर बड़हरिया सीवान थाना में 2013 का एक कांड दर्ज है।
छापेमारी दल को किया गया पुरस्कृत:
छापेमारी टीम में एसआई राजीव कुमार यादव, एसआई बसंत कुमार, इस्माईलपुर थाना के एसआई चनवीर यादव, सिपाही किशोर कुमार रजक, सिपाही बंटी कुमार, गृहरक्षक राजकुमार यादव और डीआईयू की टीम शामिल थे। कार्यवाई में शामिल सभी पुलिस पदाधिकारी और पुलिसकर्मियों को पुरस्कृत किया गया।
