नवगछिया : इस्माईलपुर थाना क्षेत्र लक्ष्मीपुर नारायणपुर में दुर्गापूजा मेले में बुधवार की रात मोबाइल चोरी को लेकर हुई मारपीट में एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। लोगों ने आरोपी को पकड़कर बंधक बना लिया और पीट-पीटकर अधमरा कर दिया। वहीं एक अन्य आरोपी भागने में सफल रहा। सूचना पर इस्माईलपुर पुलिस सहित नवगछिया पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपित को भीड़ से छुड़ा कर इलाज हेतु अनुमंडल अस्पताल भेजा। उसके बाद घायल को भागलपुर रेफर कर दिया।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!मौके पर चला गई जान
इस्माईलपुर थानाध्यक्ष ने बताया कि आरोपी ने बाबू टोला कमला कुंड निवासी नरेश यादव के पुत्र अभिषेक (25 वर्ष) का मोबाइल कुछ दिन पहले छीन लिया था। मेले में मोबाइल छीनने वाले की पहचान के बाद अभिषेक ने उससे अपनी मोबाइल मांगी। इसके बाद दोनों के बीच हाथापाई हुई और अंकित ठाकुर ने उसे गोली मार दी। इससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। गोली की आवाज सुनते ही चंडी स्थान पर मौजूद लोगों ने आरोपी को बंधक बनाकर पिटाई कर दी।
शव रख कर किया सड़क जाम :
सुबह होते ही मृतक के परिजनों द्वारा शव को चण्डी मंदिर में रख कर पुलिस प्रशासन का विरोध कर सड़क को जाम कर दिया गया। आक्रोशित लोग चंडी स्थान में दुर्गा पूजा कमेटी द्वारा गलत तरीके से मंदिर में हाट लगाना व आर्केस्ट्रा करने का विरोध किया। शव को रख कर प्रदर्शन करने की जानकारी पर नवगछिया एसडीएम उत्तम कुमार, एसडीपीओ दिलीप कुमार सिंह, सर्किल इंस्पेक्टर मारकंडेय सिंह और गोपालपुर, कदवा, परबत्ता, ढोलबज्जा, नदी थाना अध्यक्ष सहित दंगा निरोधक दस्ता बल मौके पर पहुंच कर स्थानीय लोगों के साथ जनप्रतिनिधि एवं मेला समिति के अध्यक्ष से मामला शांत कराने का प्रयास किया।

मृतक के भाई के बयान पर मामला दर्ज
जिला परिषद सदस्य विपिन कुमार मंडल, मुखिया संजय मंडल ने पूर्व में हुए जमीन विवाद का निदान कराने की मांग का। इस पर एसडीएम ने मौके पर सीओ को तत्काल विवाद को खत्म कराने का निर्देश दिया। एसडीएम ने बताया कि मृतक के भाई के बयान पर मामला दर्ज किया गया है। मंदिर के जमीन के विवाद को खत्म करने के लिए शनिवार को बैठक रखने के लिए सीओ से कहा गया है। जिस पर दोपहर बाद परिजनों एवं स्थानीय लोगों के समझाने पर शव को पोस्टमार्टम हेतु अनुमंडल अस्पताल भेज दिया।
एसडीपीओ दिलीप कुमार सिंह ने बताया कि इस घटना में शामिल दोनों अपराधियों की पहचान हो गई है। इसमें सामूहिक रूप से हुई मारपीट में घायल आरोपित अंकित ठाकुर की पहचान की गई है। यह भागलपुर के विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र के साहेबगंज का रहने वाला है। दूसरे आरोपी सोनू यादव का पहचान गोपालपुर थाना क्षेत्र के करारी तिनटंगा गांव के रूप में हुई है। घायल का इलाज किया जा रहा है।
