नवगछिया : नवगछिया शहर के मुख्य बिजली ग्रीड और बीएलएस कॉलेज के समीप बिजली के लोहे का पोल खड़ा करने के दौरान पोल के हाइवोल्टेज तार में सट जाने से मंगलवार शाम को दो मजदूर की मौत हो गयी जबकि एक मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गये. घायल मजदूर गोपालपुर के अभिया निवासी निरंजन मंडल की स्थिति गंभीर है. उन्हें इलाज के लिए नवगछिया अनुमंडलीय अस्पताल से जेएलएनएमसीएच रेफर किया गया है. दोनों मृतक नवगछिया थाना क्षेत्र के मदहदपुर निवासी कैलाश सिंह40 और बोरवा निवासी राकेश कुमार मंडल40 हैं. मामले की बाबत नवगछिया थाने में परिजनों के फर्द बयान पर आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गयी है. जानकारी के अनुसार एक निजी कंपनी द्वारा कई दिनों से बिजली पोल लगाने का कार्य मजदूरों द्वारा किया जा रहा है. मजदूरों के अनुसार स्थानीय रूप से कार्य का देख रेख सिंधिया मकंदपुरनिवासी राजेश कुमार करते हैं.
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!बिजली काट दिये जाने की दी गयी झूठी सूचना, पोल खड़ा करने में हाईवोल्टेज तार सटा, दो मजदूर की हुई मौत, एक घायल
– बीस मिनट पहले दी गयी थी शट डाउन होने की सूचना लेकिन हाईवोल्टेज तार में हो रहा था बिजली का प्रवाह
– दोनों मृतकों में एक गोपालपुर के अभिया गांव का और एक परवत्ता थाने के बोरवा गांव का
– परिजनों का रो रो कर बुरा हाल, आक्रोशित हैं ग्रामीण
– परिजनों ने कहा जिम्मेदार लोगों पर हो हत्या का मुकदमा
मंगलवार को जिस जगह पर हादसा हुआ वहां पर करीब 18 मजदूर काम कर रहे थे. जब पोल खड़ा करने का समय आया तो उस समय मजदूरों ने ग्यारह हजार समेत उपर से गुजरे सभी बिद्युत तारों की बिजली काट देने का आग्रह किया था. घटना से बीस मिनट पहले ही कहा गया कि बिजली काट दी गयी है. पोल खड़ा करने में अब कोई परेशानी नहीं है. इसके बाद सभी मजदूर बेफिक्र हो कर पोल को खड़ा करने में जुट गये. पोल के खड़ा होने के साथ ही वह ग्यारह हजार के बिजली तार से सट गया. जितने भी मजदूर पोल से सटे थे सभी पास ही गड्ढे में करीब सौ मीटर दूर जा कर गिरे. तीन की हालत गंभीर थी. स्थानीय लोगों ने तीनों को नवगछिया अनुमंडल अस्पताल लाया गया.

जहां राकेश और कैलाश को मृत घोषित कर दिया गया और निरंजन को रेफर किया गया. घटना की सूचना मिलते ही मौके पर नवगछिया और गोपालपुर थाने की पुलिस सशस्त्र बलों के साथ नवगछिया अनुमंडल अस्पताल पहुंच कर हादसे की जानकारी ली है. मृतक राकेश कुमार के पिता वकील मंडल ने कहा कि बिजली विभाग की लापरहवाही के कारण उसके पुत्र की जान गयी है. मामले में जिम्मेदार व्यक्ति के विरूद्ध हत्या की प्राथमिकी दर्ज होनी चाहिए. इधर दोनों मृतकों के ग्रामीणों ने आश्रितों को समुचित मुआवजा देने की मांग की है. अस्पताल पहुंचे आजाद हिंद मोरचा के अध्यक्ष राजेंद्र यादव ने पूरे मामले की जानकारी ली और मृतकों के परिजनों को दस – दस लाख मुआवजा देने और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने अन्यथा आंदोलन करने की चेतावनी दी है.
ठेकेदार की लापरवाही से हुई घटना
जानकारी मिली है कि इन दिनों विद्युत पोल लगाने का कार्य बजाज इलैक्ट्रिकल कंपनी द्वारा करवाया जा रहा है. बिजली विभाग के कार्यपालक अभियंता प्रभात रंजन ने बताया कि मंगलवार को कंपनी के कर्मचारी ने बिजली विभाग से हाइलेवल फीडर का शट डाउन मांगा. चूकि मंगलवार को माघी पूर्णिमा का दिन था इसलिए उसे मना कर दिया गया लेकिन जब उसने मजदूर के पहुंच जाने की बात कही तो उसे हाइलेवल फीडर का शट डाउन दिया गया. जानकारी मिली है कि कुछ देर में हाइलेवल फीडर का काम समाप्त होने के बाद बिना चार्ज ओवर का आवेदन दिये ही सभी मजदूरों को खरीक फीडर के पास बिजली पोल लगवाने का आदेश दिया गया.

नियमत: खरीक फीडर का पहले शट डाउन लेना था लेकिन ठेका कंपनी के कर्मचारियों ने मनमाना रूख अख्तियार करते हुए खरीक फीडर से संबंधित काम मजदूरों से कराया जाने लगा. कार्यपालक अभियंता ने कहा कि ठेका कंपनी के कर्मचारी की लापरवाही और मनमाने रवैये के कारण मजदूरों की जान गयी है. पूरे मामले की रिर्पोट वरीय पदाधिकारियों और मुख्यालय को कर दी गयी है. जरूरत पड़ी तो कानून संगत कार्रवाई भी की जायेगी. मालूम हो कि ठेका कंपनी द्वारा 33 हजार विद्युत प्रवाह करवाने के लिए समानांतर व्यवस्था के तहत विद्युत पोल को लगाया जा रहा है.

अपने परिवार का इलकौला कमाउ सदस्य था कैलाश और राकेश
मृतक कैलाश और राकेश अपने परिवार का इकलौता कमाउ सदस्य था. दोनों की मृत्यु से दोनों का परिवार पूरी तरह से बेसहारा हो गया है. मदहदपुर के कैलाश सिंह अपने पीछे बूढी मां मनमा देवी, पत्नी रेणु देवी और पांच बच्चों से भरा पूरा परिवार छोड़ गये हैं जबकि राकेश कुमार मंडल अपने पीछे बूढे माता पिता और दो बच्चों को बेसहारा छोड़ गये हैं. राकेश के पिता वकील मंडल का रो रो कर बुरा हाल था. देर रात नवगछिया अस्पताल में दोनों मृतकों के परिजन विलाप कर रहे थे. चिकित्सकों से मिली जानकारी के अनुसार दोनों शवों का पोस्टमार्टम बुधवार की सुबह की जायेगी.
