भागलपुर : अंतरजिला बाइक चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पुलिस ने नौ बदमाशों को गिरफ्तार किया। बदमाशों के पास से चोरी की नौ बाइक और छह मोबाइल फोन भी बरामद किए गए। ये लोग बिहार-झारखंड के कई जिलों से बाइक चोरी करते थे। यह जानकारी एसएसपी आशीष भारती ने रविवार को प्रेस वार्ता में दी।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!मूल पेपर को स्कैन कर कर लेते थे अपने नाम
गिरफ्तार लोगों में जयंत कुमार (रजौन, सिंहनान, जिला बांका), आशीष कुमार, पंचम कुमार और रोहित कुमार, (दराधी, सजौर), बादल कुमार और विजय महतो (योगीवीर, जगदशीपुर), सुमित कुमार उर्फ छोटू (बड़ी कोला नारायणपुर, जगदीशपुर), धर्मेंद कुमार और राहुल कुमार (रविचक, सजौर) शामिल हैं। राहुल चोरी की गाड़ी के मूल पेपर को स्कैन करता था। इसके बाद मनचाहा नाम अंकित कर देता था। जिस वजह वे आसानी से गाड़ी लेकर निकलते थे। जांच में भी पुलिस उन लोगों को नहीं पकड़ पाती थी।

ग्राहक बनकर बिछाया था जाल
लग्जरी बाइक चोर गिरोह के सक्रियता की सूचना पर एसएसपी आशीष भारती ने एक टीम गठित की थी। इसकी कमान एएसपी कहलगांव मु. दिलनवाज अहमद को दी गई थी। इसमें घोघा थानेदार राजेश कुमार, शिवनारायणपुर के मनोज कुमार, सन्हौला के ब्रजेश कुमार, एएसआइ सुनील कुमारी तिवारी, संजय कुमार उपाध्याय, मकबूल अहमद को शामिल किया गया। सभी थानेदार और तकनीकी सेल का सिपाही सौरभ कुमार ग्राहक बने। इसके बाद एएसपी ने चोरों से बाइक की डील की। ग्राहक बनकर चार लड़कों की गिरफ्तारी हुई। जिसके पास से चार बाइक बरामद हुई। इसके बाद उनकी निशानदेही पर अन्य चोर गिरफ्तार हुए। पुलिस ने 36 घंटे तक लगातार ऑपरेशन के बाद सभी को पकड़ा।
सुमित उर्फ छोटू के गैरज की आड़ में खपाई जाती थी गाडिय़ां
गिरोह में छोटू उर्फ सुमित का जगदीशपुर में गैरेज है। वह बादल और राहुल के साथ चोरी का गाड़ी बेचता था। चोरों के मुताबिक पंचम गाड़ी का लॉक खोलने का एक्सपर्ट है। उन लोगों ने भागलपुर समेत बेगूसराय, खगडिय़ा, पूर्णिया आदि और झारखंड के दुमका, गोड्डा आदि से चोरी की बात कबूली है। पुलिस ने गोड्डा के महागामा, दिग्घी में रंजीत कुमार साह के घर पर छापेमारी की। वहां से एक बाइक बरामद हुई है। लेकिन रंजीत भागने में सफल रहा। चोरों ने रजौन में पिंटू नाम के युवक को भी बाइक बेची है। पुलिस गिरोह में शामिल अन्य की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। छोटू के बाइक से कई खुली हुई बाइक बरामद हुई है। जिसका सत्यापन पुलिस कर रही है।
