विक्रमशिला पुल बंद रहने के दौरान, गंगा नदी में धारा 144, मरम्मत वाले चिन्हित स्थल पर साइकिल -Naugachia News

NEWS

पुल बंद रहने के दौरान, गंगा नदी में धारा 144
– नाव का परिचालन करते हुए पकड़े गये नाविक को होगी कार्रवाई
– पुल बंद रहने को लेकर विभिन्न तरह की तैयारियों में जुटा प्रशासन

Whatsapp group Join

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

नवगछिया : पुल बंद रहने के मद्देनजर अवैध रूप से नावों के परिचालन की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने सख्त कदम उठाते हुए कहा है कि पुल पर परिचालन बंद रहने के दौरान गंगा नदी में धारा 144 लागू कर दिया जायेगा. गंगा नदी पर विभिन्न थानों के पुलिस कर्मी निगरानी करेंगे. नवगछिया के एसडीओ ने कहा कि नावों के परिचालन से र्दुघटना का खतरा है, इसलिए नावों का परिचालन पर सख्ती से रोक लगायी जायेगी.

स्टैंड पर की जायेगी मूल भूत सुविधा की व्यवस्था

मालूम हो कि पुल बंद रहने के दौरान तेतरी जीरो माइल और जाह्नवी चौक के पास बनाये जा रहे दो स्टैंड पर मूल भूत सुविधा यथा पेजजल और शौचालय की भी सुविधा की जायेगी. नवगछिया के एसडीओ मुकेश कुमार ने कहा कि पुल बंद होने के मद्देनजर नयी यातायात व्यवस्था 27 सिंतबर को मध्यरात्रि से ही बहाल कर दी जायेगी. दोनों स्टैंडों पर तीन पालियों में पुलिस पदाधिकारी और दंडाधिकारियों की तैनाती की जायेगी.

यात्रियों को सौ मीटर चलना होगा पैदल

पुल बंद रहने की स्थिति में यातायात व्यवस्था का जिक्र करते हुए नवगछिया के एसडीओ मुकेश कुमार ने बताया कि नवगछिया जीरो माइल स्टैंड पर ही भागलपुर जाने वाले सभी बड़े वाहन या फिर चार चक्का प्राइवेट वाहनों को रोक दिया जायेगा. इसके बाद लोग ऑटो, ई रिक्शा, अपने मोटरसाइकिल या साइकिल से जाह्नवी चौक तक जा सकेंगे. वहां से लोगों को करीब सौ मीटर पैदल चलनाहोगा. इसके बाद मरम्मत स्थल को पार करते ही भगालपुर जाने के लिए ऑटो या ई रिक्शा उपलब्ध रहेगा. नवगछिया के एसडीओ मुकेश कुमार ने बताया कि मरम्मत वाले चिन्हित स्थल पर साइकिल से लोग चल सकेंगे.

 

ऑटो व ई रिक्शा चालकों के साथ बैठक करेंगे एसडीओ

नवगछिया के एसडीओ मुकेश कुमार ने कहा कि बुधवार को नवगछिया के ऑटो रिक्शा चालकों और ई रिक्शा चालकों के साथ परिचालन को लेकर बैठक किया जायेगा. इस बैठक में तेतरी जीरो माइल से जाह्नवी चौक तक आने जाने का किराया भी तय कर दिया जायेगा. ताकि पुल बंद रहने के दौड़ान किसी भी तरह की अवैध वसूली यात्रियों के साथ न हो सके और यात्री भी चालकों के साथ पैसा देने के नाम
पर किचकिच न करें. किराया दूरी के हिसाब से ही तय किया जायेगा.

पूर्णियां और कटिहार रेफर किये जायेंगे मरीज

पुल बंद रहने के दौड़ान नवगछिया के विभिन्न अस्पतालों से मरीजों को पूर्णियां या कटिहार रेफर किया जायेगा. इसके लिए कटिहार और पूर्णियां जिलों के जिलापदाधिकारी से भी बात कर ली गयी है. दूसरी तरफ विभिन्न अस्पतालों में एंबुलेंस की सुविधा में बढ़ोतरी करने और एंबुलेंस को दुरूस्त रखने का भी निर्देश दिया गया है. नवगछिया के एसडीओ ने जानकारी देते हुए बताया कि पुल 28 सितंबर से बंद हो कर 17 अक्तूबर तक बंद रहेगा.

व्यवसायियों को जल्द से जल्द समान स्टाक करने का दिया गया निर्देश

नवगछिया के एसडीओ मुकेश कुमार ने कहा कि नवगछिया के व्यवसायियों को जल्द से जल्द जरूरी सामानों का स्टा़क करने का निर्देश दे दिया गया है. उम्मीद है कि पुल बंद रहने की स्थिति में सामानों की कोई दिक्कत नहीं होगी. इधर कई छोटे व्यसायियों ने कहा कि वे लोग पुल बंद रहने के दौड़ान अधिकांश सामान कटिहार, पूर्णियां, खगड़िया से लायेंगे. जानकारी मिली है कि अभी भी कई व्यवसायी हैं जो कटिहार या पूर्णियां से ही समानों खरीद करते हैं.

स्टीमर चलाने की मांग

नवगछिया के स्थानीय लोगों  ने प्रशासन से स्टीमर चलाने की मांग की है. लोगों का कहना है कि पुल बंद रहने के दौरान अगर स्टीमर का परिचालन किया जाता है तो यातायात बेहद सुगम हो जायेगा.