भागलपुर : मॉर्निंग वाक पर निकले रजिस्ट्री ऑफिस के मुंशी को ट्रक ने कुचला, मौत

भागलपुर / पटना

मॉर्निंग वॉक पर निकले रजिस्ट्री ऑफिस के प्राइवेट मुंशी बिनोद मंडल (53) को रविवार की सुबह मनाली चौक के पास ट्रक ने रौंद दिया। मौके पर ही उनकी मौत हो गयी। घटना सुबह लगभग सवा पांच बजे की है। बिनोद मंडल मूल रूप से सबौर के मसाढ़ू के रहने वाले थे और आदमपुर बैंक कॉलोनी में मकान बनाकर रहते थे। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है।

Whatsapp group Join

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बिनोद के सिर को ट्रक ने बुरी तरह से कुचल दिया। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस को उनके पास से मोबाइल मिला, जिससे कॉल कर परिजनों को सूचना दी गयी। परिजनों के पहुंचने के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

परिजनों ने जतायी आशंका

बिनोद मंडल की मौत पर उनके परिजन आशंका जाहिर कर रहे हैं। परिजनों का कहना है कि मनाली चौक पर इतनी जगह है कि वहां पर ट्रक मोड़ने में किसी व्यक्ति पर ट्रक का चक्का कैसे चढ़ सकता है। परिजनों का कहना है कि वे सीसीटीवी देखने के बाद ही इस बात पर भरोसा करेंगे कि उनकी दुर्घटना में मौत हुई है। पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे परिजनों का रो-कर बुरा हाल था। बिनोद के चार बच्चे हैं। तीन बेटी हैं, जिनकी शादी हो चुकी है। एक बेटा है, जो नौकरी की तलाश कर रहा है।