नवगछिया न्यायालय परिसर से कुछ दिन पहले एक संदिग्ध युवक के पास से पांच जिंदा कारतूस बरामद होने के बाद पुलिस लगातार मामले की तह तक पहुंचने में जुटी थी। इस कांड में नवगछिया पुलिस को रविवार को एक और बड़ी सफलता मिली है। आर्म्स एक्ट के तहत दर्ज मामले में पुलिस ने एक वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!पुलिस सूत्रों के अनुसार, घटना के बाद से फरार चल रहे मुन्ना कुमार, निवासी छोटी परबत्ता, को पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर दबोच लिया। बताया गया कि मुन्ना कुमार इस मामले में सक्रिय भूमिका में था और लंबे समय से पुलिस की नजर से बचता फिर रहा था।
इससे पहले पुलिस मामले में तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार कर चुकी है। चौथे आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस अब पूरे नेटवर्क और कारतूस की सप्लाई चैन की जांच कर रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि न्यायालय परिसर जैसे संवेदनशील क्षेत्र में कारतूस पहुंचाए जाने का उद्देश्य क्या था और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हो सकते हैं।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ जारी है और उसके बयान के आधार पर आगे और कार्रवाई की संभावना है।
