नवगछिया: बुधवार को नवगछिया में हुए एक सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार को रौंद दिया। स्थानीय लोगों ने घायल व्यक्ति को गंभीर हालत में अनुमंडलीय अस्पताल नवगछिया पहुंचाया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज अस्पताल, भागलपुर रेफर किया गया। गुरुवार सुबह इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!मृतक की पहचान राजवीर (43 वर्ष), निवासी प्यारमपुरा, आगरा (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह पिछले चार महीनों से नवगछिया में सरकारी स्कूलों के लिए मिड-डे मील बनाने का काम कर रहा था। बुधवार सुबह वह स्कूल में खाना बनाने जा रहा था, तभी यह हादसा हो गया।
मृतक के सहयोगी नूर मोहम्मद ने बताया कि हादसे के बाद ट्रक को पकड़ लिया गया और इसकी जानकारी पुलिस को दी गई। लेकिन उन्होंने आरोप लगाया कि लगभग सात घंटे तक एफआईआर दर्ज कराने के बावजूद नवगछिया पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। बाद में पुलिस ने मामला यातायात थाना को सौंप दिया।

गुरुवार को मृतक के परिजनों के नवगछिया पहुंचने पर बरारी थाना पुलिस ने फर्द बयान दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद परिजनों और सहयोगियों में आक्रोश का माहौल है।
