नवगछिया : मकनपुर चौक पर आज एक हादसे में नवगछिया पीएचसी में कार्यरत एएनएम तुलसी कुमारी (30 वर्ष) घायल हो गईं। तुलसी कुमारी पीएचसी नवगछिया में बैठक के बाद अपने घर भागलपुर लौटने के लिए बीएसआरटीसी की बस पकड़ने मकनपुर चौक पहुंची थीं।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
इसी दौरान तेज रफ्तार बस (रजिस्ट्रेशन संख्या: बीआर-10 पीबी-8908) के पिछले चक्के ने उनके बाएं पैर को कुचल दिया। हादसा होते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
स्थानीय लोगों की मदद से घायल एएनएम को तुरंत इलाज के लिए नवगछिया अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने बताया कि उनके पैर में गंभीर चोट आई है।

घटना की सूचना मिलते ही पीएचसी प्रभारी डॉ. बी. दास अस्पताल पहुंचे। उन्होंने इलाज की संपूर्ण व्यवस्था करवाई। फिलहाल घायल एएनएम का इलाज चल रहा है और स्थिति गंभीर बनी हुई है।
घटना के बाद से स्वास्थ्य विभाग के कर्मियों में आक्रोश है। बस चालक की लापरवाही को लेकर स्थानीय लोग नाराज़गी जता रहे हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
