बिहपुर । खराब मौसम और रुक-रुककर हो रही बारिश के बावजूद भी जमींदारी तटबंध पर अभियंताओं की मौजूदगी में बुधवार को बचाव कार्य जारी रहा। सोमवार की देर रात आई आंधी के कारण तटबंध के किनारे बड़ी संख्या में पेड़ों के उखड़ने ने तटबंध कई जगहों पर क्षतिग्रस्त हो गया था।
जल संसाधन विभाग नवगछिया के सहायक अभियंता धीरेंद्र कुमार ने कहा कि बिहपुर प्रखंड के नरकटिया-नन्हकार जमींदारी गंगा तटबंध पूरी तरह सुरक्षित है। साथ ही पूरी स्थिति नियंत्रण में है। इधर सीओ लवकुश कुमार ने भी तटबंध का बुधवार को निरीक्षण करने के बाद तटबंध की पूरी स्थिति को नियंत्रण में बताया।
वहीं सोनवर्षा के मुखिया प्रतिनिधि प्रवीण उर्फ फोर्ड व ग्रामीण अजय उर्फ लाली कुंवर ने बताया कि सोमवार की रात क्षतिग्रस्त हुए तटबंध के हिस्सों को नन्हकार से रामनगर तक विभाग द्वारा दुरूस्त करा लिया गया था। इधर तटबंध पर विभाग के कार्यपालक अभियंता मुकेश कुमार, सहायक अभियंता समेत जेई कविरंजन व मंतोष कुमार आदि बचाव कार्य को मॉनिटर कर रहे हैं।


