नवगछिया । कोसी नदी का जलस्तर बढ़ने से कटाव तेज हो गया था। लेकिन बचाव कार्य शुरू होने से कटाव में कमी आई है। सिंहकुंड के जिलेबियामोड़, छड़्ड़ापट्टी और सिमतरला टोला में हो रहे भीषण कटाव की रफ्तार में मंगलवार से फिलहाल कुछ कमी आई है। किन्तु, अभी भी रूक-रूक कर कटाव हो रहा है।
बिहपुर विधायक ई. कुमार शैलेन्द्र की पहल पर वर्तमान में कटाव से बचाव के लिए तीन एजेंसियां काम कर रही है। वहीं, मंगलवार को समाजसेवी अलख प्रसाद सिंह ने कटाव पीड़ित परिवारों को सूखा राशन का वितरण किया। ग्रामीण सूरज सिंह राजपूत, उमेश ठाकुर, अजय सिंह, सौरभ कुमार आदि ने बताया कि अभी भी खतरा बना हुआ है।
इसबार के कटाव में अबतक 23 लोगों का घर नदी में विलीन हो चुका है। किन्तु, मात्र 14 कटाव पीड़ित परिवारों को ही प्रशासनिक सहायता के नाम पर सिर्फ और सिर्फ प्लास्टिक सीट मिला है। इसके अलावा किसी भी प्रकार की कोई सरकारी सुविधाएं नहीं मिली है।


