नवगछिया : जगतपुर पंचायत के कनकी टोला में मंगलवार की दोपहर तीन बजे राख की चिंगारी से आग लग गई। इसके बाद गैस सिलेंडर के फटने के बाद आग बेकाबू हो गई और 27 घरों को राख कर दिया। इस घटना के में जानी नुकसान नहीं, लेकिन घरों में रखे गए सभी सामन जलकर राख हो गए। इस घटना में घर में रखे गए चार घरेलू गैस और तीन छोटे सिलेंडर फट गए। इससे आग ने और भयावह रूप धारण कर लिया। टोले में चारों तरफ अफरातफरी मच गई। आग तेजी से एक से दूसरे फिर तीसरे घर में फैलती गई और देखते ही देखते 27 घरों को जला डाला। सिलेंडर फटने के बाद आग बुझाने में जुटे सभी लोग जान बचाकर भाग गए। गैस सिलेंडर फटने का दौर समाप्त होने के बाद, फिर लोग आग बुझाने में जुटे, पर आग पर काबू पाने का प्रयास असफल रहा। सूचना पर अग्निशमन की दो बड़ी व एक छोटी गाड़ी पहुंचीं। इसके बाद अग्निशमन दस्ते और स्थानीय लोगों के सहयोग से तीन घंटे की मशक्कत के बाद आग पर किसी तरह काबू पाया गया। सीओ विद्यानंद राय ने 20 घरों के जलने की पुष्टि की है, हालांकि मुखिया सोनी भारती के प्रतिनिधि प्रदीप यादव ने कहा कि इस घटना में 27 लोगों के घर जले हैं।

दो फायर ब्रिगेड की टीम व ग्रामीणों ने तीन घंटे बाद आग पर पाया काबू
राहत के नाम पर पीड़ित परिवार को मिलेंगे 9800 रुपए : सीओ
कनकी टोला में मंगलवार को आग से जले घर।
फूस के घर हाेने से एक के बाद एक घर जलते चले गए

कनकी टोला में लगी आग राख की चिंगारी से फैलने की चर्चा रही। स्थानीय लोगों ने कहा कि खाना बनाने के बाद लोग चूल्हे की राख को कूड़े कचरे में फेंक देते हैं। कूड़े में फेंकी गई राख से आग फैली। आग पहले कूड़े में पकड़ी इसके बाद लोगों के घरों तक पहुंची गई। फूस का घर होने के कारण आग इतनी तेजी से फैली, कि किसी को संभालने तक का मौका नहीं मिला। आग लगने के बाद लोग सिर्फ अपनी जान लेकर घर से भाग निकले। आग किसके घर में पहले लगी, किन लोगों के घर में रखे गैस का सिलेंडर फटा यह भी स्पष्ट नहीं हो पाया। पीड़ित परिवारों ने कहा कि आग इतनी जल्दी भड़क उठी की कुछ समझ में ही नहीं आया। एक साथ तीन चार घर जलने लगे, इसी बीच एक सिलेंडर भी फट गया। सिलेंडर फटने के बाद लोग भाग गए। इसके बाद आग बुझाने वाली गाड़ी आने के बाद हम लोग नजदीक आए।

आग में इनका आशियाना हो गया खाक

आग लगी में कनकी टोला के राज कुमार मंडल, गोनू मंडल, वेगो मंडल, मुकेश मंडल, वकील यादव, जाधो यादव, विकास यादव, आमो चौधरी, संतोष मंडल, हुबली मंडल, बासुकी मंडल, बिशो मंडल, गुरुदेव मंडल, मुकदेव मंडल, तारा देवी, जितेंद्र मंडल, अरुण मंडल, भवेश मंडल, अजय मंडल, प्रकाश यादव, रंजीत यादव सहित 27 लोगों का घर पूरी तरह जल कर रखा हो गया है।

Whatsapp group Join

पुआल लोड ट्रैक्टर में लगी आग, 14 नंबर सड़क पर एक घंटा आवागमन बाधित

नवगछिया। जमुनिया मदरसे के पास पूर्णिया से आ रहे पुआल लदे एक ट्रैक्टर में आग लग गई। इससे एक घंटे तक 14 नंबर सड़क पर आवागमन बाधित हो गया। ग्रामीणों ने बताया कि पुआल लदा ट्रैक्टर मदरसा के पास ट्रांसफॉर्मर से सट गया और उसमें आग लग गई। आजाद हिंद मोर्चा के अध्यक्ष राजेंद्र यादव के नेतृत्व में लोगों ने आग पर काबू पाया। वहीं इस्माइलपुर के लक्ष्मीपुर में तीन घर जल गए।

रंगरा कब्रिस्तान में लगी आग

नवगछिया। रंगरा चौक प्रखंड के रंगरा कब्रिस्तान में आग लग गई। स्थानीय लोगों की मदद से आग पर काबू पाया गया। इस घटना में किसी प्रकार के जानमाल की क्षति की सूचना नहीं हुई है। सूचना पर रंगरा बीडीओ व थानाध्यक्ष मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।

आग की लपटें छू रही थीं आकाश जान बचाकर घर से भागे लोग

कनकी टोला में आग लगने के बाद अफरातफरी की स्थिति उत्पन्न हो गई। लोगों के फूस की घरों में लगी आग की लपटें आकाश छू रही थीं। धुंए के गुब्बार उड़ रहे थे। धधकती आग की लपटों के भय से लोग पूरी तरह भयभीत हो गए थे। आग लगने के बाद लोग अपने घरों के सभी सामान छोड़कर अपने बाल-बच्चों को लेकर बाहर निकल कर भाग गए। आग इतनी भयावह थी कि किसी को कुछ निकलने तक का मौका नहीं मिला। लोगों के घरों में रखे कपड़े, गहने, नगदी, अनाज व घर के सभी कीमती सामान जल गए। एक डीजे संचालक का सभी उपकरण जल गया। राजकुमार मंडल, मुकेश मंडल, प्रकाश यादव, हुबली मंडल, तारा देवी, गायत्री देवी ने बताया कि उनका सबकुछ जल कर राख हो गया। आग लगने के बाद हम लोग जो कपड़े पहने थे सिर्फ वही बचा है। बांकी सबकुछ जलकर राख हो गया। आग लगने की सूचना पर सीओ विद्यानंद राय व परबत्ता थानाध्यक्ष मौके पर पहुंचे। सीओ ने कहा कि इस घटना में 20 लोगों के घर जले हैं। पीड़ित परिवार को 98 सौ रुपए राहत के तौर पर दिए जाएंगे। सभी पीड़ित परिवारों को बुधवार को चेक दिया जाएगा।

मुखिया ने पीड़ितों के बीच वितरण किया सूखा राशन

कनकी टोला में आग लगने के बाद पंचायत के मुखिया सोनी भारती, मुखिया प्रतिनिधि प्रदीप यादव भी मौके पर पंहुचे। जहां उन्होंने अग्निपीड़ित परिवारों को सांत्वना दिया। इस दौरान उन्होंने अग्निपीड़ित परिवार के बीच चुरा, शक्कर, दालमोठ का वितरण किया। अगलगी की घटना में जले लोगों के घर का उचित मुआवजा दिए जाने की मांग आजाद हिंद मोर्चा के अध्यक्ष राजेंद्र यादव ने प्रशासनिक पदाधिकारी से की है।