नवगछिया : हर घर नल का जल से अब तक कई गांव वंचित.. शुद्ध पेयजल नहीं
नवगछिया :मुख्यमंत्री की महत्वाकांक्षी योजना हर घर नल का जल से अब तक कई गांव वंचित है। प्रखंड की ढोलबज्जा पंचायत के वार्ड 2 और 3 स्थित छोटी भगवानपुर तथा टोला के ग्रामीणों को शुद्ध पेयजल अब तक नसीब नहीं हो पाया है।
400 से अधिक की आबादी वाला यह गांव नल-जल योजना से वंचित है। वार्ड2 के बड़ी भगवानपुर और वार्ड 3 के ढोलबज्जा बाजार में लगभग 4 वर्ष पहले ही पीएचईडी और पंचायती राज विभाग की ओर से नल जल योजना की टंकी का निर्माण करवाकर पेयजल की आपूर्ति शुरू करवाई गई थी। लेकिन इन दो वार्डों में इसकी सुविधा नहीं दी गई है।
ग्रामीण पवन कुमार, सिकंदर कुमार, धर्मेंद्र कुमार, वकील मंडल, अंगद मंडल, हरिलाल ऋषिदेव, सागर ऋषिदेव, अमित राम आदि ने बताया कि हमलोग हैंडपंप का आयरन युक्त पानी पीने को मजबूर हैं, जिससे यहां के लोगों को पेट सहित अन्य गंभीर बीमारियां घेर रही है। शिकायत के बाद भी पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों द्वारा कोई ठोस पहल नहीं है। इन वार्डों के चापाकल का पानी 20 मिनट बाद ही पीला पड़ जाता है।


