
नवगछिया : गोपालपुर प्रखंड के ग्राम पंचायत सैदपुर में प्रस्तावित पंचायत सरकार भवन का निर्माण कार्य विवादों में घिर गया है। आरोप है कि विभागीय स्वीकृति के बावजूद भवन का निर्माण सैदपुर पंचायत के अधिकृत सीमांकन क्षेत्र से बाहर तीनटंगा करारी पंचायत के क्षेत्र में कराया जा रहा है।
सूत्रों के अनुसार, जिस स्थान पर निर्माण कार्य हो रहा है, वह जलजमाव और कटाव की दृष्टि से अति संवेदनशील है। जल संसाधन विभाग के मुख्य अभियंता ने इस क्षेत्र को पहले ही “रेड जोन” घोषित किया था। हर वर्ष यहां बाढ़ का पानी 10 से 12 फीट तक भर जाता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस जमीन पर भवन बन रहा है, वह खाता संख्या 3611, खसरा संख्या 7680, रकबा 86 डिसमिल की भूमि है। यह बिहार सरकार की बताई गई है। लेकिन यह जमीन सैदपुर पंचायत के परिसीमन से बाहर है और तीनटंगा करारी पंचायत में आती है।
पंचायत की मुखिया वीणा देवी ने इस मामले में मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री, भूराजस्व मंत्री और जिलाधिकारी को आवेदन भेजा है।
विवाद तब और बढ़ गया जब स्थानीय अंचलाधिकारी, गोपालपुर द्वारा 4 जुलाई 2025 को जारी पत्र में मांगी गई जानकारी पर स्पष्ट सीमांकन विवरण उपलब्ध नहीं कराया गया। इससे संदेह हुआ कि प्रशासनिक स्तर पर तथ्यों को छिपाया जा रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि सैदपुर पंचायत में ही भवन निर्माण के लिए पर्याप्त सरकारी जमीन है, जहां बैंक, थाना, अस्पताल, प्रखंड और अंचल जैसे सभी प्रमुख सरकारी संस्थान स्थित हैं। बाढ़ और कटाव प्रभावित क्षेत्र में भवन निर्माण कराना न केवल जनता की सुरक्षा से खिलवाड़ है, बल्कि सरकारी धन का दुरुपयोग भी है।












