NAUGACHIA NEWS

THE SOUL OF CITY

Advertisement

नवगछिया : पेट्रोल पंप के पास एक बस दूसरी से टकराई, 40 घायल, 4 मायागंज रेफर

नवगछिया:  यात्रियों से भरी दो बसों की आमने-सामने की टक्कर में 40 लोग घायल हो गए। यह दुर्घटना नवगछिया विक्रमशिला पुल के पहुंच पथ के पास शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे एक पेट्रोल पंप के पास हुई। घटना का कारण एक बस के ड्राइवर को झपकी आना बताया जा रहा है।

सूचना मिलते ही परबत्ता, नवगछिया और यातायात थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। कुछ देर बाद ट्रैफिक डीएसपी भी आए। पुलिस कर्मियों ने घायलों को पुलिस की गाड़ी और एंबुलेंस की मदद से इलाज के लिए नवगछिया अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चार यात्रियों की गंभीर हालत देख डॉक्टर ने मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया।

घायल यात्रियों में परबत्ता थाना क्षेत्र के गरैया निवासी विनोद मंडल की पुत्री दुर्गी कुमारी, कटिहार से आदम सोरैन की पुत्री सोमेना सोरैन समेत कुल 40 लोग घायल हुए हैं। जानकारी के अनुसार कटिहार से भागलपुर जा रही शोभा बस और भागलपुर से कटिहार जा रही समीर बस की सीधी भिड़ंत हो गई। हादसे में समीर बस में सवार यात्री ज्यादा घायल हुए।

अररिया जिले के मदनपुर गांव के करीब 45 लोग 18 जून को रांची गए थे। वहां 19 जून को शिव चर्चा कार्यक्रम में शामिल हुए। कार्यक्रम खत्म होने के बाद सभी समीर बस से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान यह हादसा हुआ। इधर, दुर्घटना के बाद करीब दो घंटे तक सड़क पर जाम लगा रहा।

Whatsapp group Join

चोर चोर चोर.. कॉपी कर रहा है