नवगछिया : नगर परिषद क्षेत्र में सड़कों के अलावा बनेगी डीलक्स शौचालय
नवगछिया । नगर परिषद नवगछिया में सशक्त स्थायी समिति की बैठक सभापति प्रीति कुमारी की अध्यक्षता में हुई। इसमें सभी वार्डों में 20-20 लाख रुपये की राशि खर्च करने की योजना को प्रशासनिक स्वीकृति दी गई। बैठक में पीसीसी सड़क और डीलक्स शौचालय निर्माण की भी स्वीकृति दी गई।
सभापति प्रीति कुमारी ने बताया कि वार्ड नंबर दो में रामदेव सिंह के घर से सकलदेव सिंह के घर होते हुए मनोज सिंह के घर तक पीसीसी पथ निर्माण का काम किया जाएगा। यह सड़क 24 लाख 98 हजार रुपये से बनेगी। वार्ड नंबर छह में मनोज सिंह के घर से कल्वर्ट होते हुए बमकाली मंदिर तक पीसीसी पथ निर्माण का काम 24 लाख 98 हजार की राशि से होगा।
नगर परिषद नवगछिया जीरो माइल चौक पर सार्वजनिक डीलक्स शौचालय का निर्माण 15 लाख रुपये से किया जाएगा। वहीं मकंदपुर चौक पर सार्वजनिक डीलक्स शौचालय का निर्माण 12 लाख रुपये की लागत से किया जाएगा।

वार्ड नंबर 26 अनुमंडल अस्पताल मुख्य रोड से लेकर एमएनसीयू भवन तक पीसीसी पथ निर्माण का काम 14 लाख रुपये से होगा। बैठक में कार्यपालक पदाधिकारी मुकेश कुमार, नागेश्वर प्रसाद सिंह सहित अन्य मौजूद थे।

