नवगछिया : चोरी की दो बाइक के साथ गैरेज संचालक गिरफ्तार.. मुख्य सरगना भागने में सफल
नवगछिया । गैरेज की आड़ में खरीक थाना क्षेत्र के काजीकौरैया चौक पर चल रहे चोरी की बाइक का रजिस्ट्रेशन, इंजन और चेसिस नंबर बदलने के खेल का खरीक पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। थानाध्यक्ष सह इंस्पेक्टर नरेश कुमार ने गुप्त सूचना पर पीएसआई अमित कुमार को दलबल के साथ गैरेज पर भेजा। गैरेज से चोरी की दो बाइक, चार इंजन, बड़ी संख्या में फर्जी रजिस्ट्रेशन प्लेट, कई लोगों का आधार कार्ड, बैंक पासबुक, इंजन और चेसिस नंबर बदलने वाला मशीन समेत कई अन्य सामान बरामद किया।
पुलिस ने गैरेज संचालक बिहपुर थाना क्षेत्र के मिल्की गांव निवासी मो. जुनैद को गिरफ्तार कर लिया। जबकि, इस कारोबार का मुख्य सरगना खरीक थाना क्षेत्र के जमालदीपुर निवासी मो. साजन भागने में सफल रहा।
इसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापामारी कर रही है। थानाध्यक्ष सह इंस्पेक्टर नरेश कुमार ने बताया कि दोनों शातिर मिलकर काजीकौरैया चौक पर भाड़े पर रूम लेकर पार्टनरशिप में गैरेज की दुकान खोला था। इसमें चोरी की बाइक का रजिस्ट्रेशन, इंजन और चेसिस नंबर बदलकर बाइक बेचता था। इस काले कारोबार में शामिल अन्य लोगों का पता लगाया जा रहा है।

इसमें कई लोगों के शामिल होने की संभावना है। बरामद बाइक मधेपुरा जिले का है। इसमें शामिल लोगों को गिरफ्तार किया जाएगा। इधर, नवगछिया एसपी पूरण झा ने बताया कि खरीक पुलिस की यह बड़ी सफलता है। थानाध्यक्ष सहित छापामारी टीम में सभी पुलिस पदाधिकारी और कर्मी को पुरस्कृत किया जाएगा।

