नवगछिया : कुलपति के विरोध में छात्र-छात्राओं ने किया प्रदर्शन.. मांग पत्र सौंपा
नवगछिया । टीएमबीयू के कुलपति प्रो. जवाहर लाल पर लग रहे भ्रष्टाचार के आरोपों के बीच उनका विरोध शुरू हो गया है। सोमवार को एबीवीपी ने कुलपति के विरोध में प्रदर्शन किया और उनसे इस्तीफे की मांग की। विरोध तिलकामांझी भागलपुर के सभी अंगीभूत कॉलेजों में जारी है। नवगछिया के जीबी कॉलेज और मदन अहिल्या कॉलेज में मांग पत्र सौंपा गया।
परिषद के प्रांत सह संयोजक सेवार्थ विधार्थी के अनुज चौरसिया और कला मंच के सह संयोजक विश्वास वैभव, जिला संयोजक राहुल शर्मा ने कहा कि कुलपति पर लगातार वित्तीय अनियमितता के आरोप सामने आ रहे हैं। मुंगेर विवि में प्रतिकुलपति रहते हुए जो आईफोन और लैपटॉप की सुविधा वहां से हटने के बाद भी रखने का मामला सामने आया है। बाद में उन्होंने वापस किया।
सवाल है ऐसे कुलपति छात्रों के लिए क्या सीख देना चाहते हैं। उहोंने मीटिंग अफसर, पीआरओ सहित अन्य कई ऐसे पदों का सृजन किया है जो संवैधानिक नहीं है। अपने स्वास्थ्य की देखभाल के लिए अपने परिवार के लोगों की ही नियुक्ति क्यों? इस पर भी कुलपति को जवाब देना होगा। अनुज चौरसिया ने कहा कि स्नातक के सभी खंडों में छात्रों को परीक्षा देने के बाद भी अनुपस्थित कर दिया जाता है। जब हमलोगों ने आवाज उठाई तो कुलपति ने कहा था कि सात दिन में सभी मामले को ठीक कर दिया जायेगा। चार महीने से अधिक हो चुके हैं लेकिन इसपर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। स्नातक पार्ट थर्ड का परीक्षा परिणाम छह महीने पहले आ चुका था लेकिन विवि उन छात्रों को अंक पत्र नहीं दे पाया है। कुलपति छात्र विरोधी नीति अपना रहे हैं। बुधवार से लगातार अनिश्चितकाल तक विवि बंद रहेगा।

सभी वर्गों की छात्राओं का निःशुल्क नामांकन बंद करना दुर्भाग्यपूर्ण
अभाविप कार्यकर्ता साक्षी भारद्वाज और कुसुम ने कहा कि बिहार सरकार की सात निश्चय योजना के तहत एससी-एसटी वर्गों के छात्र तथा सभी वर्गों की छात्राओं का निःशुल्क नामांकन प्रस्तावित है। सूबे के सभी विश्वविद्यालयों में इसे लागू किया गया लेकिन टीएमबीयू में पिछले सत्र में विद्यार्थी परिषद के आंदोलन को देखते हुए इसे लागू किया गया। पर अब अगले सत्र से इसे हटा दिया गया जो दुर्भाग्यपूर्ण है। मौके पर अभाविप के विक्की मिश्रा, विश्वजीत चौधरी, शिवम झा, आकंक्षा, सिंकु, दीक्षा आदि कार्यकर्ता मौजूद थे।

