नवगछिया : अमित शाह की चुनावी सभा, कहा- आतंकवाद के दौर को संरक्षण
बिहपुर। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को बिहपुर विधानसभा क्षेत्र में चुनावी सभाओं को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने राजद के शासनकाल को जंगलराज बताते हुए कांग्रेस पर भी घोटालों और कश्मीरी आतंकवाद के दौर को संरक्षण देने का आरोप लगाया। शाह ने दावा किया कि पहले चरण के मतदान में राजद का सफाया हो चुका है और अब महागठबंधन की दुसरी रणनीति काम नहीं आएगी।
अमित शाह ने कहा कि भाजपा की सरकार बनने पर बिहार में बाढ़ मुक्त मंत्रालय बनाया जाएगा, जिससे खेतों में सालों भर सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध कराया जा सके। भागलपुर में सेना की मिसाइल निर्माण इकाई लगाने, जर्दालू आम और टमाटर के लिए प्रोसेसिंग यूनिट स्थापित करने और दियारा क्षेत्र में पर्यटन व उद्योग विकसित करने की भी बात कही। उन्होंने कहा कि प्रदेश के हर जिले में मेडिकल कॉलेज खोले जाएंगे और सुल्तानगंज के प्रसिद्ध अजगैबीनाथ मंदिर में धार्मिक कॉरिडोर विकसित किया जाएगा।


शाह ने कहा कि लालू प्रसाद यादव के शासनकाल में अपहरण और हत्या उद्योग की तरह चलाया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि लालू प्रसाद का बेटा आज फिर उसी स्थिति को वापस लाना चाहता है। शाह ने कहा, “क्या आप लोग फिर से जंगलराज बुलाना चाहते हैं। यह तो जीविका दीदियों से 10 हजार रुपये छीनने की बात करता है। मैं विश्वास दिलाता हूँ कि न तो वह और न उसकी अगली तीन पीढ़ियाँ भी जीविका दीदियों से एक रुपया भी नहीं छीन पाएंगी।” सभा में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और स्थानीय लोग उपस्थित थे।

