नवगछिया : अज्ञात ट्रैक्टर की ठोकर से 17 वर्षीय युवक की मौत, परिवार में कोहराम
नवगछिया : कदवा थाना क्षेत्र के पकड़ा बासा गांव के बाहर सड़क दुर्घटना में एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान भरोसा सिंह टोला, कदवा निवासी बंटी कुमार (17), पिता किशोर साह के रूप में हुई है। घटना के बाद गांव में अफरातफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए।
ग्रामीणों के अनुसार बंटी कुमार मोटरसाइकिल से घर लौट रहा था। इसी दौरान एक अज्ञात ट्रैक्टर ने उसकी बाइक को जोरदार ठोकर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन लेकर फरार हो गया। सूचना मिलते ही परिजन घटनास्थल पर पहुंचे।
बेटे का शव देखकर पिता किशोर साह बेसुध हो गए। वे शव से लिपटकर दहाड़ मारते हुए कहते रहे—“मुझे छोड़कर क्यों चला गया।” मृतक से एक भाई बड़ा और दो बहनें छोटी हैं। भाई-बहनों का रो-रोकर बुरा हाल है। छोटी बहन अपने भाई के शव पर विलाप करते हुए बार-बार कह रही थी—“अब हर साल किसकी कलाई पर राखी बांधूंगी।” यह कहते-कहते वह कई बार बेहोश हो गई।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नवगछिया अनुमंडलीय अस्पताल भेजा, जहां प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस अज्ञात ट्रैक्टर और उसके चालक की तलाश में जुटी है। घटना से पूरे गांव में शोक की लहर है

