पटना : पति लूटपाट गैंग का सरगना तो पत्‍नी भी लेडी डॉन निकली। हम बात कर रहे हैं पटना के पांडव गिरोह के सरगना संजय की पहली पत्नी प्रतिमा सिंह की। पुलिस ने रंगदारी वसूलने के एक मामले में उसे गिरफ्तार किया है। उसकी गिरफ्तारी के बाद एक लड़की ने उसपर देह व्यापार का धंधा करने का आरोप लगाया है। उसकी मानें तो प्रतिमा के ग्राहकों में राजनेताओं से लेकर बड़ अफसर व पुलिसवाले तक अनेक रसूखदार शामिल रहे हैं।

अपने घर से चलाती थी देह व्‍यापार का धंधा

एक पीडि़त लड़की ने पटना के गांधी मैदान थाने में अपनी शिकायत से सनसनी मचा दी है। उसने कहा है कि प्रतिमा पटना के एक्जीबिशन रोड स्थित जुबेदा काम्पलेक्स के अपने फ्लैट संख्या 304 में देह व्‍यापार का धंधा करती रही थी। उसके पास कई रसूखदार लोग अपनी हवस की आग बुझाने आते थे। यही नहीं, वह खादी से लेकर खाकी तक लड़कियां की होम सप्लाई भी करती थी।

लड़की ने बताया, कैसे फंसी जाल में

पीडि़त लड़की के मुताबिक वह पटना के शास्त्रीनगर थाना इलाके के एक अपार्टमेंट में अपनी मां और परिवार के साथ रहती थी। किसी तरह उसकी मां का परिचय प्रतिमा से हुआ। इसके बाद वह घर आई और उनलोगों से घुल-मिल गई। उसने उसे अपने फ्लैट पर उसकी छोटी बेटी के साथ खेलने के लिए बुलाया।

Whatsapp group Join

लड़की के अनुसार जब वहां गई तो प्रतिमा ने उसे पीने के लिए चाय दी। चाय पीने के बाद उसे नींद आने लगी और वह बेहोश हो गई। जब नींद खुली तो उसे मनीष ने एक वीडियो दिखाया, जिसमें वह किसी मर्द के साथ अंतरंग अवस्था में दिख रही थी। उस वीडियो का भय दिखाकर प्रतिमा उसका शोषण करने लगी।

और भी कई लड़कियां शोषण की शिकार

लड़की के अनुसार उसके अलावा कई ऐसी लड़कियां भी उसके जाल में फंस चुकी थीं, जिसका वह नाजायज फायदा उठाती थी। वह बात नहीं मानने पर वीडियो को सोशल साइट पर डालने की धमकी देती थी। इसके कारण लड़कियां मुंह नहीं खोल पाती थीं। वह देह व्यापार करने के लिए लड़कियों को जबरन नशीली दवाइयां और इंजेक्शन देती थी।

नशा के कारोबार का भी आरोप

लड़की के अनुसार इसके अलावा प्रतिमा स्मैक, गांजा, हेरोइन आदि नशीली वस्तुओं का भी कारोबार करती है। उसके फ्लैट में काफी मात्रा में यह सब रखा रहता था। जब उसे प्रतिमा की गिरफ्तारी के बारे में जानकारी हुई तो उसने हिम्मत कर पुलिस के पास अपनी शिकायत दर्ज कराई।

रंगदारी मामले में हो चुकी है गिरफ्तार

इस बाबत गांधी मैदान थानाध्यक्ष दीपक कुमार ने कहा कि पुलिस मामले की छानबीन करने में जुटी है। गौरतलब है कि प्रतिमा को गांधी मैदान थाने की पुलिस ने शुक्रवार को उसके फ्लैट से रंगदारी वसूलने के मामले में दो सहयोगियों के साथ गिरफ्तार कर लिया है।