नवगछिया : मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि विरोधियों के द्वारा समाज और देश को बांटने की कोशिश की जा रही है। इससे लोगों सावधान रहना चाहिए। उनके खिलाफ साजिश रचने वाले थक हार कर किनारे हो जाएंगे। सीएम ने कहा कि 13 साल से राज्य की सेवा कर रहे हैं। अब एनडीए को वोट देकर मजदूरी दें।

सीएम रविवार को भागलपुर के रंगरा में जदयू प्रत्याशी के पक्ष में चुनावी सभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि कुछ लोग धन के लिए सत्ता में आना चाहते हैं। हमारा लक्ष्य जनता की सेवा करना है। राज्य में कानून का राज स्थापित किया गया है। न्याय के साथ हर इलाके का विकास हो रहा है। जो लोग हाशिए पर थे, उन्हें मुख्यधारा में लाया गया है। एनडीए की सरकार ने काम कर राज्य को आगे बढ़ाया है। महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए काम किया गया है। पंचायती राज और नगर निकायों में महिलाओं को आरक्षण देकर उन्हें आगे बढ़ने का अवसर दिया गया।

जीविका समूह से एक करोड़ परिवार जुड़ गए हैं। जीविका की दीदियों में जागृति आई है। उनमें समझदारी बढ़ी है। लड़कियां शिक्षित हो रही हैं। समाज का वातावरण बदल रहा है। स्कूलों में लड़कों के बराबर लड़कियां पढ़ रही हैं। एससी, एसटी और ओबीसी जातियों का कल्याण किया है। इसके पूर्व सभा को पूर्व मंत्री अशोक चौधरी ने संबोधित कर कहा कि राज्य में शिक्षा के क्षेत्र में व्यापक सुधार हुआ है। सात निश्चय कार्यक्रम से गांवों का विकास हो रहा है। सभा को विधायक गोपाल मंडल, एमएलसी डॉ. संजीव कुमार सिंह और प्रत्याशी अजय कुमार मंडल ने भी संबोधित किया। इधर चकाई में सीएम की सभा को प्रत्याशी चिराग पासवान, पूर्व मंत्री दामोदर रावत, अशोक चौधरी, पूर्व विधायक सुमित कुमार सिंह, अजय प्रताप आदि नेता मौजूद थे।

Whatsapp group Join

तिनटंगा, भागलपुर से राम प्रकाश गुप्ता

नीतीश राज में भागलपुर लोकसभा क्षेत्र का गोपालपुर विधानसभा क्षेत्र सुर्खियों में रहा है। गोपालपुर में ही धरहरा एक गांव है जहां बेटी के जन्म पर पौधे लगाने की परंपरा ने विश्व स्तर पर सुर्खियां बटोरी हैं। इस गांव में मुख्यमंत्री बनने के बाद नीतीश कुमार करीब आधा दर्जन बार आ चुके हैं। ठीक इसी तरह इसी विधानसभा क्षेत्र में दूसरा गांव है तिनटंगा दियारा, जहां हर चुनाव में नीतीश कुमार यहां के मतदाताओं से कई बार सीधे रूबरू हुए हैं। रविवार को नीतीश कुमार ने नवगछिया अनुमंडल के तिनटंगा दियारा में अपनी पहली चुनावी सभा की। सभा में करीब 25 मिनट तक नीतीश कुमार बोले। समयाभाव के कारण यहां से जाने के पहले यह कहकर गए कि चुनाव के बाद आएंगे और यहां की जो समस्या हैं उसका समाधान करेंगे। नवगछिया भाजपा जिला अध्यक्ष विनोद मंडल की मानें तो इस गांव में नीतीश सीएम रहते आधा दर्जन सभा कर चुके हैं। गांव के एक-एक बुजुर्ग से उनका परिचय रहा है।

गांव में एक निजी हाई स्कूल चल रहा था, जिसका सरकारीकरण नीतीश राज में ही हुआ था। अपने भाषण में नीतीश ने याद दिलाया कि राज्य में तीन निजी हाई स्कूलों को गोद लिया गया था, जिसमें से एक तिनटंगा का संत विनोबा हाई स्कूल भी है। सभा में मंच संचालन कर रहे पंचायत स्तर पर जदयू के अध्यक्ष गणोशी मंडल को सीएम पहचान रहे थे। मंडल ने उनसे गांव में कॉलेज देने तथा कटाव की समस्या दूर करने की मांग की। सीएम ने उन्हें कहा कि चुनाव के बाद आएंगे तो यहां की और भी समस्याओं को देखेंगे। गणोशी मंडल की तरह और भी कई वृद्धों से नीतीश ने बातचीत की। नीतीश को सम्मानित करने के लिए करीब दर्जन भर महिलाएं मंच पर चढ़ना चाह रही थी। सुरक्षा बल रोक रहे थे। सीएम ने खुद इशारा कर महिलाओं को बुला लिया। रविवार को जहां सभा हुई वह स्थान एनएच से करीब 12 किलोमीटर दूर गंगा के किनारे है। गांव तक जाने का रास्ता सिंगल और जर्जर है। इसका भी समाधान करने का भरोसा मिला। विनोद मंडल कहते हैं कि इस गांव में अधिकांश आबादी गंगोता मंडल है।

नीतीश ने गांव के प्रति जो प्रेम दिखाया, उसका लाभ निश्चित तौर पर एनडीए को मिलेगा। उनका दावा है कि गांव की करीब 80 फीसद आबादी एनडीए के साथ है। जिले में नीतीश की यह तीसरी सभा थी। तुलनात्मक दृष्टि से इस सभा में अधिक भीड़ थी। यह भीड़ हेलीकॉप्टर देखने के लिए भी हो सकती है लेकिन सीएम के भाषण को धैर्यपूर्वक सुनना यह उनके प्रति प्रेम और सम्मान दिखा रहा था। लोगों से अजय को आशीर्वाद देने का इजाजत भी लिया। भीड़ ने इजाजत दी तो नीतीश ने अजय के गले में जीत का माला पहना दिया।

रंगरा में आयोजित चुनावी जनसभा में मंचासीन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और अन्य

’ सीएम ने ग्रामीणों को दिलाया चुनाव के बाद आने का भरोसा

’ बोले, गांव के संत विनोवा हाई स्कूल का सरकारीकरण हुआ है एनडीए राज में