बिहार बोर्ड इंटर का बंपर रिजल्ट इस बार सैकड़ों विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति दिलवाएगा। जिन छात्रों को इंटर में 75 फीसदी और उससे अधिक अंक आए हैं, उन्हें यह छात्रवृत्ति मिलेगी। बिहार के 28 हजार 407 विद्यार्थियों की सूची मानव संसाधन विकास मंत्रालय को भेज दी है। मानव संसाधन विकास मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा दी जाने वाली केंद्रीय क्षेत्र की इस छात्रवृत्ति में शामिल विद्यार्थियों को स्नातक की पढ़ाई के लिए दस हजार की वार्षिक छात्रवृत्ति दी जाती है। वहीं, स्नातकोत्तर के लिए 20 हजार छात्रवृत्ति दी जाती है।

सूबे की बात करें तो इस छात्रवृत्ति में सबसे ज्यादा पटना के एएन कॉलेज के विद्यार्थी शामिल हैं। एएन कॉलेज से 191 विद्यार्थी चयनित हुए हैं। इसके बाद कॉलेज ऑफ कॉमर्स के विद्यार्थी हैं। इस सूची में बिहार के दो सौ से अधिक कॉलेज और तीन सौ के लगभग स्कूल शामिल हैं।

14 हजार छात्राओं को मिलेगी छात्रवृत्ति

यह छात्रवृत्ति सभी वर्गों के विद्यार्थियों को दी जायेगी। इनमें विज्ञान, कला और वाणिज्य संकाय के विद्यार्थी शामिल होते हैं। छात्रवृत्ति अक्टूबर से मिलनी शुरू होगी। इनमें 14 हजार 203 छात्राएं भी शामिल हैं। इंजीनियरिंग कॉलेज में बीटेक से स्नातक करने वाले छात्रों को केवल स्नातक तक ही यह छात्रवृत्ति दी जाती है।

Whatsapp group Join

हर साल देशभर के 82 हजार छात्र होंगे लाभान्वित

यह छात्रवृत्ति देशभर के राज्य बोर्ड के छात्र और छात्राओं को दी जाती है। इनमें नेशनल बोर्ड के छात्र शामिल नहीं होते। राज्य बोर्ड से प्लस टू करने वाले 82 हजार छात्र और छात्राओं को यह छात्रवृत्ति दी जाती है। इनमें 41 हजार छात्र और 41 हजार छात्राएं शामिल होती हैं।

सुषमा कुमारी (प्राचार्य, जीडी पाटलिपुत्रा हाईस्कूल) ने कहा- पहली बार इस छात्रवृत्ति में स्कूल के विद्यार्थी शामिल हुए हैं। स्कूल के 45 विद्यार्थी इसमें शामिल हैं। इस बार इंटर में छात्रों को अच्छे अंक मिले हैं।

एसपी शाही (प्राचार्य, एएन कॉलेज) ने कहा- हमारे कॉलेज में गुणवत्ता पर अधिक जोर दिया जाता है। इंटर की पढ़ाई पर अलग से फोकस होता है। नियमित कक्षाएं होती हैं। इस कारण इस बार इंटर का रिजल्ट बेहतर हुआ और यही कारण है कि इस छात्रवृत्ति योजना में छात्र इतनी संख्या में आ पाएं